मुंगेली। शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि जरूरत के समय उनके स्वास्थ्य और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। जिले की निवासी श्रीमती अनिता चतुर्वेदी कुछ समय से थायराइड की समस्या से जूझ रही हैं और उनका नियमित इलाज चल रहा है। बीमारी के कारण दवाइयों और जांचों पर लगातार होने वाले खर्च से परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाली सहायता राशि उनके लिए राहत साबित हुई है।
योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे नियमित दवाइयों, आवश्यक जांच और उपचार पर कर रही हैं, जिससे उनका इलाज बिना किसी बाधा के जारी है। अनिता चतुर्वेदी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली राशि से अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग होकर इलाज जारी रखे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाली जनहितैषी पहल है। यह योजना जरूरतमंद महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और विश्वास का संचार कर रही है।
