इंद्रावती प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने किया पदभार ग्रहण


जगदलपुर। इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष बस्तर से भाजपा के वरिष्ठ नेता शरद अवस्थी ने आज सोमवार काे एक गरिमामय समारोह में पदभार ग्रहण किया। टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर के अलावा सुकमा,दंतेवाड़ा समेत अन्य जिलों से भी भाजपा के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ता शामिल हुए। पद का दायित्व लेने के बाद शरद अवस्थी ने कहा कि इंद्रावती नदी हमारी जीवनदायनी है। किसानों से लेकर आम लोगों को इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले इसके लिए शासन ने काफी बड़ी योजनाएं बनाई है। वर्तमान में इंद्रावती के उन्नयन के लिए 2000 करोड रुपए से ज्यादा की योजनाएं स्वीकृत हैं । उन्हाेने कहा कि शासन द्वारा जो उन्हें दायित्व दिया गया है सभी के सुझाव के साथ हर संभव प्रयास करते हुए उसका निर्वहन किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने विभाग के अफसर को भी कहा कि आपसी समन्वय से सरकार की योजनाओं को धरातल पर लाने का काम किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शरद चाचा को राजनीति में काम करते बचपन से देखा है। उनके नेतृत्व में प्राधिकरण में ज्यादा से ज्यादा सुविधा बढ़ेगी। बस्तर का उल्लेख करते मंत्री ने कहा पहले नक्सलवाद के कारण कुछ दिक्कतें थीं लेकिन प्रधानमंत्री ने देश को नक्सल मुक्त करवा दिया है। यहां सबसे ज्यादा काम किसानों, सिंचाई के क्षेत्र में हो सकते हैं। कभी इरिगेशन का बजट 2200 करोड़ रूपया होता था। अब 4000 करोड रुपए के काम चल रहे हैं। प्रदेश सरकार सिंचाई की सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। इंद्रावती का 310 टीएमसी जल भद्रकाली में गोदावरी नदी से मिल जाता है। उसका उपयोग हम नहीं कर सकते। अब इसका उपयोग होगा तो सिंचाई में बहुत बड़ा परिवर्तन दिखेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक किरण देव ने कहा शरद अवस्थी हम सबके लिए बहुत सम्माननीय हैं। इस मंच पर जितने भी नेतागण बैठे हैं सभी ने उनसे कुछ सीख कर साथ काम किया है। इनकी खासियत है कि जो काम हाथ में लेते हैं उसे पूरा करते हैं। बस्तर जिला मुख्यालय के पास ही देउर गांव और मटनार में बैराज स्वीकृत हुए हैं, आने वाले समय में निश्चित तौर पर इसका फायदा यहां के लोगों को मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप,पूर्व सांसद एवं सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप के अलावा वेदवती कश्यप, रूप सिंह मंडावी, महापौर संजय पांडे, लच्छु राम कश्यप, डॉक्टर सुभाई राम कश्यप, संतोष बाफना, वेद प्रकाश पांडे, विनायक गोयल समेत अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *