भारत के स्टार खिलाड़ी और जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर भारत का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया। नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर भाला फेंका। हालांकि उन्होंने पहले प्रयास में 88.44 मीटर का स्कोर किया था, जबकि दूसरा थ्रो नीरज का सामान्य रहा। लेकिन जब नीरज ने तीसरा थ्रो किया, तो उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज कर दिया। बता दें कि इससे पहले उनका बेस्ट थ्रो 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 2022 डायमंड लीग में किया था।
नीरज के इस थ्रो के बावजूद वे डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे। दरअसल, उनसे भी शानदार थ्रो जर्मनी के जूलियन वेबर ने किया। उन्होंने 91.06 मीटर का थ्रो हासिल किया, जबकि तीसरे नंबर पर ग्रेनेडा के पीटर एंडरसन रहे, जिन्होंने 85.64 मीटर का थ्रो किया।
भारत के इन खिलाड़ियों ने भी किया कमाल
भारत की ओर से नीरज के अलावा गुलवीर सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 5000 मीटर रेस में नौवां स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं में पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में छठे नंबर पर स्थान प्राप्त किया। नीरज चोपड़ा के छह अटेम्प्ट्स की बात की जाए, तो तीसरे अटेम्प्ट में उनका बेस्ट थ्रो रहा। इसके बाद चौथे अटेम्प्ट में नीरज ने 80.56 मीटर का भाला फेंका, जबकि पांचवां अटेम्प्ट अमान्य रहा। छठे अटेम्प्ट में नीरज ने 88.20 मीटर का थ्रो किया। नीरज चोपड़ा ने कई बड़े लीग्स और टूर्नामेंट्स में भारत का नाम ऊंचा किया है। एक बार फिर नीरज ने यह करके खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
ऐसा करने वाले एशिया के तीसरे खिलाड़ी
दरअसल, नीरज चोपड़ा जैवलिन थ्रो में 90 मीटर से ज्यादा स्कोर करने वाले अब एशिया के तीसरे खिलाड़ी बन चुके हैं, जबकि दुनिया में ऐसा करने वाले वह 25वें जैवलिन थ्रोअर हैं। हालांकि एशिया की बात की जाए, तो पहले नंबर पर पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम है, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में 92.97 मीटर का थ्रो किया था। दूसरे नंबर पर चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग हैं, जिन्होंने एशियाई चैंपियनशिप 2017 में 91.36 मीटर का थ्रो किया था। एशिया में अब तीसरे नंबर पर नीरज चोपड़ा का नाम दर्ज हो गया है। बता दें कि पिछले सीजन में नीरज चोपड़ा डायमंड लीग में गोल्ड से सिर्फ एक मीटर दूर रह गए थे।