दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज पश्चिम बंगाल के नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी राजनीतिक उपलब्धियां नहीं, बल्कि उनका निजी जीवन है। दरअसल, वो 61 वर्ष की उम्र में कोलकाता में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी दुल्हनिया कोई और नहीं, बल्कि भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय नेता रिंकू मजूमदार हैं, जिनकी उम्र तकरीबन 50 वर्ष है।
जानिए कौन हैं दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक प्रमुख नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। 61 वर्षीय घोष का जन्म 1 अगस्त 1964 को पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले में हुआ था। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय तक जुड़े रहे और 2014 में बीजेपी में शामिल हुए। 2015 में उन्हें पश्चिम बंगाल बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, और उनके नेतृत्व में पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, 18 सीटें जीतीं। घोष 2016 से 2021 तक खड़गपुर सदर से विधायक रहे और 2019 में मेदिनीपुर से सांसद चुने गए।
रिंकू मजूमदार?
पश्चिम बंगाल की रिंकू मजूमदार लंबे समय से भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी हुई हैं और पार्टी में उनकी सक्रियता की सराहना की जाती रही है। उनकी सादगी और समर्पण ने उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाया। इस शादी को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह फैसला दोनों ने आपसी सहमति से लिया है। रिंकू मजूमदार तलाकशुदा हैं और एक बेटे की मां हैं। उनका बेटा अब वयस्क हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, यह शादी दिलीप घोष के न्यू टाउन स्थित आवास पर बेहद सादगी के साथ संपन्न होगी। समारोह में चुनिंदा रिश्तेदारों और पार्टी के कुछ करीबी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। दिलीप घोष और रिंकू मजूमदार की मुलाकात उस दौरान हुई थी, जब घोष प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष थे और रिंकू महिला मोर्चा में सक्रिय रूप से काम कर रही थीं।