रायपुर । एसोसिएशन ऑफ मेडिकल बायोकेमिस्ट्स ऑफ इंडिया (AMBI) के मार्गदर्शन में एम्स रायपुर के बायोकैमिस्ट्री विभाग द्वारा 19 सितंबर 2026 को “Biochemistry Beyond Textbooks – A PG Update” विषय पर राष्ट्रीय सीएमई का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्लिनिकल बायोकैमिस्ट्री में हो रही नई प्रगति की जानकारी प्रदान करना तथा मरीजों की बेहतर देखभाल में सहायता करना था। कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष, प्रो. एली मोहापात्रा, डीन (अकादमिक) एवं विभागाध्यक्ष; आयोजन सचिव, प्रो. सुप्रवा पटेल; तथा डॉ. विभा सकारे, सहायक प्रोफेसर एवं एएमबीआई की राज्य प्रतिनिधि ने इस उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
सीएमई में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को “BIO-MINUTE: A TEACH SPRINT” नामक माइक्रोटीचिंग प्रतियोगिता के माध्यम से सक्रिय भागीदारी का अवसर दिया गया। यह एक नई पहल थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कम समय में प्रभावी संवाद, विषय की स्पष्ट समझ, आत्मविश्वास और शिक्षण कौशल को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. पी.के. पात्रा, कुलपति, पं. दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ ने छत्तीसगढ़ राज्य में सिकल सेल रोग के क्षेत्र में अपने अनुभव और यात्रा पर मुख्य व्याख्यान दिया।
