रायपुर । भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ इंडिया ने अपनी स्थापना के 120 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं।
इस उपलक्ष्य में बैंक के छत्तीसगढ़ अंचल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण के साथ की गयी। बैंक के नवा रायपुर स्थित आंचलिक कार्यालय परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया तथा भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यालय के सभा कक्ष में बैंक के १२० वर्षों की यात्रा पर आधारित प्रस्तुति दिखाई गयी तथा बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश कर्नाटक का सन्देश प्रसारित किया गया। छत्तीसगढ़ के आंचलिक प्रबंधक श्री विनय उपकारी ने सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को 121वें स्थापना दिवस की शुभकामना देते हुए बताया की बैंक के रायपुर अंचल की स्थापना के भी 20 वर्ष पूर्ण हो चुके है। उन्होंने बताया की स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 5 नई शाखाओं की स्थापना की जा रही है जो रिसाली भिलाई तथा भाटागांव, सुन्दर नगर, शंकर नगर और सिविल लाइन्स रायपुर में खोली जा रही है। इसके साथ ही राज्य में अब शाखाओं की कुल संख्या बढ़कर ७४ हो जाएगी। उप आंचलिक प्रबंधक श्री सुदीप नियोगी ने सभी कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए इसी लगन के साथ बैंक को आगे ले जाने का आह्वान किया। परिसर में सभी कर्मचारियों तथा ग्राहकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गयी थी। रक्तदान के कार्यक्रम में बैंक कर्मियों तथा ग्राहकों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का समापन ग्राहक गोष्ठी के आयोजन के साथ किया गया जिसमें विभिन्न शाखाओं के 80 से अधिक ग्राहक उपस्थित रहे l ग्राहकों को लघु एवं मध्यम उद्योग, खुदरा व्यवसाय तथा विपणन विभाग द्वारा वभिन्न ऋण तथा निवेश योजनाओं की जानकारी दी गयी। सभी ग्राहकों ने बैंक के प्रति अपनी शुभकामनायें व्यक्त कीं तथा बैंक की प्रगति के लिए सुझाव प्रदान किये।
उल्लेखनीय है की बैंक की स्थापना 7 सितम्बर 1906 को मुम्बई में मात्र 50 कर्मचारियों और 50 लाख रुपये की पूंजी के साथ की गयी थी। जुलाई 1969 में 13 अन्य बैंकों के साथ बैंक ऑफ़ इंडिया का भी राष्ट्रीयकरण किया गया। वर्तमान में बैंक की 5300 से अधिक शाखाएं हैं जिनमें भारत से बाहर 15 देशों में स्थित 43 शाखाएं तथा कार्यालय भी शामिल हैं।
