रायपुर । केंद्रीय न्यासी बोर्ड, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (CBT, EPF) क्षेत्रीय कार्यालय, छत्तीसगढ़ क्षेत्र की 27वीं बैठक आज महानदी भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिम शिखर गुप्ता, सचिव, श्रम विभाग, छत्तीसगढ़ सरकार ने की तथा संचालन सचिव के रूप में जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने किया।
शहरऔर स्थानीय मार्गदर्शिका
बैठक में बिधान चंद्र नायक (उप केंद्रीय श्रम आयुक्त), एन.के. पटनायक एवं रत्नेश राजन्या (उप निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम), नियोजक प्रतिनिधि के रूप में महेश कक्कड़ (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ उद्योग महासंघ), अश्विन गर्ग (अध्यक्ष, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन) तथा राधेश्याम जायसवाल, ईश्वर चंदेल, शंखध्वनि सिंह एवं एच.एस. मिश्रा कर्मचारी प्रतिनिधियों के रूप में शामिल हुए।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से जयवदन इंगले, गौरव डोगरा, देबाशीष चांद (क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II) तथा आकाश अग्रवाल (सहायक भविष्य निधि आयुक्त) ने बैठक में भाग लिया। कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रस्तुति गौरव डोगरा ने दी।
उल्लेखनीय है कि कर्मचारी भविष्य निधि क्षेत्रीय समिति सांविधिक प्रावधानों के अंतर्गत प्रत्येक राज्य में एक महत्वपूर्ण परामर्शदात्री समिति होती है। बैठक में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, छत्तीसगढ़ के कार्य निष्पादन, भविष्य निधि अंशदाताओं एवं सदस्यों को सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में अधिनियम के अनुपालन से संबंधित उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा की गई।
हिम शिखर गुप्ता ने मृत्यु प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम के साथ समन्वय स्थापित कर उद्योगों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने निष्क्रिय खातों के लाभार्थियों की पहचान कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में प्रत्येक माह 27 तारीख को आयोजित होने वाले ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईएस, एएलसी, सीएलसी एवं संबंधित विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I एवं सदस्य सचिव जयवदन इंगले ने भविष्य निधि कार्यालय की कार्यव्याप्ति, न्यायालयीन प्रकरणों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना 2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठक तथा नवीन साइट्स प्रोजेक्ट पर जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के भविष्य निधि सदस्यों एवं नियोक्ताओं को इन कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में हुई चर्चा छत्तीसगढ़ के पात्र कामगारों और श्रमिकों को भविष्य निधि अधिनियम के तहत सामाजिक सुरक्षा लाभ पहुंचाने में सार्थक सिद्ध होगी।
