0- करीब सात घंटे रुकेंगे,सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
रायपुर–1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ यानी रजत जयंती का भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं रायपुर पहुंचकर राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी रायपुर के अलग-अलग जगहों पर विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। पीएम के प्रवास को लेकर विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पीएम मोदी करीब सात घंटे रायपुर में रहेंगे। दौरा कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी एक नवम्बर को विशेष विमान से सुबह 9.40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। पीएम सुबह 10 से 10.30 तक सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से ‘दिल की बात’ करेंगे। इसके बाद सुबह 10.45 से 11.30 तक ब्रह्मकुमारी के शांति शिखर भवन का शुभारंभ करेंगे। सुबह 11.45 से दोपहर 1.15 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके बाद दोपहर 1.30 बजे से 2.15 तक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2.30 बजे से शाम 4 बजे तक राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और इस समारोह में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे । वहीं, करीब शाम 4.30 बजे पीएम मोदी रायपुर विमानतल से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। राज्योत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं। नया रायपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। 20 आईपीएस, 100 एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी समेत 5 हजार जवानों की नया रायपुर के हर हिस्से पर नजर रहेगी। एडीजी रैंक के अधिकारी सुरक्षा इंतज़ामों की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके अलावा राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
