बस्तर दशहरा में शहर के प्रवेश द्वार से लेकर चौक-चौराहों पर 500 से अधिक जवान तैनात


जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व में काछन पूजा और जोगी बिठाई रस्म के बाद दुमंजिला फूलरथ परिक्रमा पूजा विधान जारी है, 29 सितंबर को अंतिम फूलरथ परिक्रमा पूजा विधान संपन्न की जायेगी। इसके साथ ही आधा दर्जन से अधिक रस्मों को निभाया जायेगा। प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व को देखने के लिए बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों और विदेशों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं, साथ ही बस्तर संभाग के ग्रामीण भी इन रस्मों में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।शहर के प्रमुख स्थानों, ओडि़शा, और रायपुर रोड समेत चारों ओर करीब 15 से ज्यादा फिक्स पॉइंट बनाये गए हैं और इनमें करीब 150 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए लगभग 500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।
एएसपी महेश्वर नाग का कहना है कि हजारों की संख्या में भीड़ के चलते किसी भी तरह की रिस्क नहीं ली जा रही है। शहर के मंदिरों और चौक-चौराहों पर 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी लगाई जा रही है । शहर की सीमाओं पर चौकसी बरती जा रही है। शहर के चारों प्रवेश द्वार पर नाकेबंदी कर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ ही वाहनों की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जा रही है, भीड़ वाले स्थान पर सादी वर्दी में जवानों को तैनात किया गया है, वहीं महिला पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा नेशनल हाईवे में पद यात्रियों के काफिले को देखते हुए, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर दंतेवाड़ा मार्ग, भानपुरी, परपा और कोड़ेनार थाना की पुलिस द्वारा निरंतर नेशनल हाईवे पर गश्त की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *