नक्सल प्रभावित क्षेत्र उल्लूर व चिल्लामरका में नए सुरक्षा व जन-सुविधा कैंप स्थापित


बीजापुर। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र अंर्तगत उल्लूर एवं चिल्लामरका में नए सुरक्षा व जन-सुविधा कैंप स्थापित किए गए हैं। सरकार की नियद नेल्ला नार योजना के तहत यह कदम उठाया गया है। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इन कैंपों से भोपालपटनम से फरसेगढ़, सेंड्रा और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली तक संपर्क मार्ग मजबूत होगा। नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी सुविधाएं पहुंचेंगी। स्थानीय लोगों को अब स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पेयजल, पीडीएस दुकानें और मोबाइल नेटवर्क की सुविधाएं मिलेंगी। प्रशासन का मानना है कि इससे माओवादी गतिविधियां कम होंगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसाार 2024 से अब तक बीजापुर में 36 सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। इन प्रयासों से 496 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। 193 नक्सली मारे गए और 900 को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय नागरिकों में इन कैंपों की स्थापना से उत्साह है। नियद नेल्ला नार योजना के तहत 2023-24 और 2024-25 में स्थापित 36 नए कैंपों से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इनसे सड़क, बिजली, पानी, मोबाइल टावर,आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *