कांकेर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से परलकोट का सबसे बड़ा जलाशय इन दिनों अपनी पूरी क्षमता तक भर चुका है। परलकोट जलाशय परलकोट क्षेत्र के लोगों के लिए एक वरदान है, जो इस इलाके की खेती के लिए सिंचाई का मुख्य आधार है। जलशय पूरी तरह भर जाने से किसानों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही है। वहीं जलाशय से जुड़ी नहरों का लाइनिंग जीर्णोद्धार कार्य भी किया जा रहा है जिससे सिंचाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
दंडकारण्य परियोजना के तहत निर्मित यह विशाल परलकोट जलाशय लगातार हो रही बारिश से लबालब भरकर स्पिलवे से बहता जलप्रवाह अद्भुत और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है । इसे देखने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज से लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बच्चे युवा और बुजुर्ग उत्साह के साथ इस प्राकृतिक नजारे का आनंद उठा रहे हैं । परलकोट जलाशय अब एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट बन चुका है, जहां लोग परिवार और मित्रों के साथ आकर सुकून और मनोरंजन का अनुभव कर रहे हैं। स्थानीय निवासी मलय दास और नृपेन हालदार ने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग है कि सरकार को परलकोट जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहिए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और क्षेत्र का आर्थिक विकास हो।
