नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर 45 साल पुराना गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा का दावा है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में वोटर लिस्ट में शामिल किया गया था, जबकि तब वह भारत की नागरिक भी नहीं थीं।यह सनसनीखेज आरोप उस वक्त सामने आया है, जब कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत कर वोटर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि 1946 में इटली में पैदा हुईं सोनिया गांधी का नाम 1980 से 1982 तक वोटर लिस्ट में रहा। यह वह दौर था, जब वह भारत की नागरिकता हासिल करने से एक साल दूर थीं। भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी इस मामले को उठाते हुए एक्स पर एक दस्तावेज शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि 1980 की वोटर लिस्ट में सोनिया का नाम शामिल था।मालवीय ने कहा कि सोनिया गांधी का नाम उस वक्त वोटर लिस्ट में डाला गया, जब वह अपने पति राजीव गांधी के साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आधिकारिक आवास पर रहती थीं। यह नाम नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में 1980 के चुनाव से पहले जोड़ा गया था। भाजपा ने इसे ‘खुली धोखाधड़ी’बताते हुए सवाल उठाया कि अगर यह गड़बड़ी नहीं, तो फिर क्या है? अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल महाराष्ट्र और कर्नाटक में वोटर धोखाधड़ी के अपने इल्ज़ामों में ‘झूठ बोल रहे हैं और गलत आंकड़े पेश कर रहे हैं।’ भाजपा का कहना है कि कांग्रेस अपनी हार को छिपाने के लिए ऐसे बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
