तेज बारिश के चलते बस पर गिरा पेड़, पांच शिक्षक समेत छह की मौत, 17 घायल


बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बड़ा हादसा हो गया है, जहां एक बस पर बरगद का पेड़ गिर गया। इस घटना में पांच शिक्षकों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद जो लोग घायल हुए, उन्हें तुरंत जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतरिख में भर्ती कराया गया।
बस में सवार थे लगभग 40 लोग
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह से हो रही तेज बारिश की वजह से बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही रोडवेज पर अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ बस के अगले हिस्से पर गिरा, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भी बात निकलकर सामने आई है कि हादसे के समय बस में 40 लोग सवार थे, जहां हादसे के बाद कई यात्री खिड़की से कूदकर बाहर निकले। जैसे ही यह हादसा हुआ, वैसे ही ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को जानकारी दी।
पुलिस कर रही मृतकों की पहचान
इस समय मृतकों की पहचान की जा रही है, जहां एक की ही पहचान की जा सकी है, जो नगर के गुलहरिया गार्दा निवासी शिक्षा मल्होत्रा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हैदरगढ़ में शिक्षा विभाग की एनसीईआरटी संबंधित ट्रेनिंग चल रही थी और इसी में शामिल होने के लिए पांच शिक्षक घर जा रहे थे। सभी पांच शिक्षक बस के आगे के हिस्से पर बैठे थे।
बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को निकाला गया
जैसे ही यह घटना हुई, वैसे ही तेज बारिश में भी वन, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू हुआ। मौके पर तुरंत पेड़ को काटकर बस से अलग किया गया, जिसमें चालक और तीन लाशें मिलीं। इसके अलावा जो यात्री बचे थे, उन्हें शीशा तोड़कर बस से निकाला गया। इस दौरान बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *