नई दिल्ली(एजेंसी) –-अमरनाथ यात्रा के बीच श्रीनगर में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। श्रीनगर के हरवान के लिडवास इलाके में छिपे आतंकियों के खिलाफ सेना ने ‘आपरेशन महादेव ‘ चलाया, जिसमें तीन आतंकवादी ढेर कर दिए गए हैं। भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अब भी जारी है। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को महादेव के पास मुलनार वन क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया था। जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे, छिपे हुए आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया। पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान जारी है। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ऑपरेशन की निगरानी के लिए मौके पर डटे हुए हैं।
