रायपुर-रायपुर में ब्लैकमेलिंग और सूदखोरी मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के ऑफिस पर बुलडोजर चला है। भाठागांव स्थित ऑफिस का निर्माण नियमों के खिलाफ किया गया था। नगर निगम की टीम ने रविवार सुबह दफ्तर को ढहा दिया है। इसी दफ्तर से चलता था सूदखोरी का काम। इधर डिप्टी सीएम ने कहा है कि आतंक का फन कुचलना मालूम है।
लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर भाइयों रोहित और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। सरेंडर के लिए दिए गए पर्याप्त समय के बावजूद हाजिर नहीं होने पर, रविवार सुबह पुलिस और निगम का संयुक्त अमला भारी बल के साथ भाठागांव स्थित उनके आलीशान घर पहुंचा और अवैध रूप से बने दफ्तर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। पुलिस और निगम की दस्तावेजी जांच में यह बात सामने आई थी कि तोमर बंधुओं ने बिना नक्शा पास कराए और अवैध रूप से इस दफ्तर का निर्माण किया था। निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह निर्माण पूरी तरह से अनधिकृत था, जिसके चलते इसे तोडऩे की कार्रवाई की गई है।कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। निगम अमले ने दफ्तर में रखे सामान को पहले बाहर निकाला और फिर बुलडोजर की मदद से पूरे ढांचे को गिरा दिया। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने आधिकारिक एक्स(पूर्व में ट्वीटर)अकाउंट पर बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहाविष्णुदेव-सरकार में ‘सुशासन है तो चक्र सुदर्शन भी है’। किसी मंत्री-मुख्यमंत्री के साथ फोटो खींचवाने से कोई कानून से बड़ा नहीं हो जाता। अपराधी तोमर ने अनेक लोगों को पीड़ा पहुंचाई है। जय बुलडोजर दो महीने से फरार, इनाम भी घोषित–उल्लेखनीय है कि रोहित और वीरेंद्र तोमर पिछले दो महीने से फरार चल रहे हैं। दोनों भाइयों पर सूदखोरी, जबरन वसूली, मारपीट और जमीन पर अवैध कब्जे जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को फरार घोषित कर उन पर इनाम का भी ऐलान किया है। अब तक इस मामले में उनके सात से अधिक रिश्तेदारों और करीबियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो उनके इस अवैध कारोबार में सहयोगी थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तोमर बंधुओं के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई के बाद अब उनकी अन्य संपत्तियों को भी कुर्क करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई से शहर में सूदखोरों और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
