रायपुर में सफाई व्यवस्था पर सरकार सख्त: उपायुक्त और जोन कमिश्नर को नोटिस, जवाब नहीं देने पर होगी एकतरफा कार्रवाई


रायपुर, 16 नवम्बर 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राजधानी रायपुर में गंदगी पर कार्रवाई करते हुए रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने शहर के कई स्थानों पर गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए रायपुर नगर निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों को 3 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने को कहा है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है, किन्तु उनके द्वारा वरिष्ठालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपनी कार्यप्रणाली में आशातीत सुधार नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप आए दिन समाचार पत्रों में जगह-जगह गंदगी फैले होने संबंधी समाचार प्रकाशित होते हैं, जो नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल करने के साथ-साथ उनकी कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न उपस्थित करता है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारी जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 3 दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *