पीएम मोदी का उद्योग जगत को संदेश: फार्मा और मिनरल्स में आत्मनिर्भर बने भारत, अक्टूबर में निर्यात ने बनाया रिकॉर्ड


नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक (AGM) और वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच भारतीय उद्योग जगत को बड़ा संदेश दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि आज के दौर में दुनिया भर में संसाधनों का इस्तेमाल एक ‘हथियार’ के रूप में किया जा रहा है, ऐसे में भारतीय इंडस्ट्री को घरेलू स्तर पर अपनी क्षमता विकसित करने पर फोकस करना चाहिए।
फार्मा और मिनरल्स में आत्मनिर्भर बनने की जरूरत
उद्योगपतियों से आत्मचिंतन करने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडस्ट्री को ऐसे क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए, जिनकी मांग देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी हो। उन्होंने दवा (फार्मा) उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को ‘दुनिया की फार्मेसी’ जरूर कहा जाता है, लेकिन हम आज भी अरबों डॉलर के एपीआई (API) और इंटरमीडिएट्स का आयात करते हैं।
उद्योग जगत को यह सोचना होगा कि किन चीजों को भारत में ही विकसित किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फार्मा के अलावा कई अन्य क्षेत्रों और विशेष रूप से ‘मिनरल्स’ (खनिज) के क्षेत्र में भी देश को विशेषज्ञता हासिल करनी होगी।
फिक्की के 100 साल और ‘विकसित भारत 2047’ का रोडमैप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का अवसर बेहद विशेष है क्योंकि फिक्की अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। किसी संस्था का एक सदी तक सतर्क और सक्रिय रहना तथा बदलते समय के साथ देश की आर्थिक यात्रा में योगदान देना एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने से जरूरी है कि हम समय-समय आत्मचिंतन करें। यह बात केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री और देश पर भी लागू होती है। इंडस्ट्री के लिए भी जरूरी है कि वो आत्मचिंतन करें और तय करें अगले 20 वर्षों में क्या हासिल करना है और 2047 विकसित भारत में कैसे योगदान दे सकते हैं।
रिकॉर्ड निर्यात और 7% की विकास दर का किया जिक्र
देश की मजबूत आर्थिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

उन्होंने प्रमुख आर्थिक उपलब्धियां भी गिनाईं:

  • रिकॉर्ड एक्सपोर्ट: बीते अक्टूबर महीने में भारत का निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो किसी एक महीने में देश द्वारा किया गया अब तक का सर्वाधिक निर्यात है।
  • ग्रोथ रेट का अनुमान: दुनिया की कई बड़ी संस्थाओं ने इस साल भारत की विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है।
  • वैश्विक एजेंसियों का भरोसा: भारत के इन्हीं शानदार आर्थिक प्रदर्शनों के चलते मूडीज, एसएंडपी (S&P), फिच रेटिंग्स और वर्ल्ड बैंक जैसी वैश्विक संस्थाएं देश के विकास दर अनुमानों को लगातार ऊपर की ओर संशोधित कर रही हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *