नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों के एक समूह के साथ संवाद किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा देश वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश के हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग का विकास आवश्यक है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय न केवल जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, बल्कि उन्हें अपनी बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। विद्यार्थियों को केवल उचित अवसरों, अनुकूल वातावरण और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का अनुपात बराबर है। उन्होंने कहा कि यह समावेशी विकास की दिशा में देश की प्रगति का परिचायक है।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से ऊंचे लक्ष्य रखने और लगन, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल आजीविका कमाने का साधन नहीं होना चाहिए; बल्कि, विद्यार्थियों का लक्ष्य अपने ज्ञान के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करने का भी होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब हमारे युवा रोजगार सृजनकर्ता बनेंगे, तब देश के समावेशी विकास को और गति मिलेगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे समसामयिक घटनाओं और देश-दुनिया में हो रहे बदलावों के बारे में अवगत रहें। इससे उन्हें तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जब भी वे अपने गाँव जाएँ, अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ समसामयिक घटनाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में की जानकारी साझा करें। उनके इस प्रयास से परिवार और समाज लाभान्वित होगा तथा उनकी शिक्षा की सार्थकता बढ़ेगी।
यह संवाद कार्यक्रम जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के अंतर्गत आयोजित किया गया था। यह पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है।
