नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विस राष्ट्रपति गाए परमलिन के बीच हैदराबाद हाउस में आपसी रिश्तों को समृद्ध और सुदृढ़ करने को लेकर गंभीर मंत्रणा हुई। भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एमईए ने चर्चा के अहम तथ्यों का जिक्र किया। पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में स्विस रिपब्लिक के राष्ट्रपति गाइ परमिलन के साथ व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने अपने संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और व्यापार व निवेश, इनोवेशन व एआई, मिलिट्री एक्सचेंज व रक्षा उत्पादन, परमाणु ऊर्जा, विज्ञान व तकनीक (एसएंडटी) और लोगों के बीच आपसी संबंधों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।”
इसमें आगे बताया कि उन्होंने भारत-ईएफटीए टीईपीए (व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते) से आर्थिक सहयोग में आई सकारात्मक गति का संज्ञान लिया और इनोवेशन-आधारित साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। एमईए के अनुसार, “मुख्य नतीजों में ट्रांसपोर्ट, मोबिलिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर, माइग्रेशन और मोबिलिटी, तथा युवा प्रोफेशनल्स से जुड़े नए समझौते शामिल हैं; साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई संयुक्त रिसर्च भी शामिल है। दोनों पक्षों ने शांति, कूटनीति और वैश्विक संस्थाओं में सुधार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।”
स्विस राष्ट्रपति तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। सोमवार को नई दिल्ली पहुंचने पर स्विस राष्ट्रपति का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रधानमंत्री के साथ हैदराबाद हाउस में दोनों की मुलाकात हुई। इस दौरान व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, कार्यबल की आवाजाही और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर गहन मंथन हुआ। बाद में दोनों की मौजूदगी में भारत और स्विस परिसंघ के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।स्विस राष्ट्रपति ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मुलाकात की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी।
