रायपुर, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें प्रदेश की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह सफर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेताम ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और परिवर्तन का जरिया बनाया है।
गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है। वहीं जनधन योजना ने गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों तक पहुंचाया है।
उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना से छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालयों से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को मजबूती मिली है।
आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा
नेताम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का सुरक्षा कवच मिला है। अब इसका विस्तार 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों तक किया गया है। नए मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के विस्तार से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा का भी विस्तार हुआ है।
युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार का अवसर
कृषि मंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से युवाओं और पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिले हैं।
किसानों के खातों में 11,277 करोड़ से अधिक की सम्मान निधि
नेताम ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की किसान सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है। इससे किसानों को खाद, बीज और कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विस्तार, आधुनिक तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन से कृषि व्यवस्था को मजबूती मिली है।
पीएम आवास में बड़ी उपलब्धि
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन करीब 1,600 पक्के आवास बनाए जा रहे हैं। 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने 3 लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में सहभागिता की थी। वहीं 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश कराया गया और 3 लाख लाभार्थियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किश्त जारी की गई।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर फोकस
नेताम ने कहा कि प्रदेश के 6,691 जनजातीय गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पीवीटीजी के 56 हजार से अधिक परिवारों तक भी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस का राष्ट्रीय सम्मान मिलना आदिवासी समाज के गौरव को बढ़ाने वाला कदम है।
नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और सुरक्षा बलों के साहस से देश में आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरा देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ। बस्तर में नियद नेल्लानार योजना के जरिए सुरक्षा कैंपों के आसपास के गांवों में राशन, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक्स जैसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। चित्रकोट जलप्रपात समेत प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में विस्तार
नेताम ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नई रेल लाइनों, दोहरीकरण और फ्लाईओवरों का निर्माण जारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
उन्होंने रायपुर-विशाखापट्टनम मार्ग, रायपुर-दुर्ग बायपास और पत्थलगांव-कुनकुरी से झारखंड सीमा तक फोरलेन सड़क जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर से हवाई संपर्क भी सुदृढ़ किया गया है।
हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उल्लेख
कृषि मंत्री ने कहा कि 24 फरवरी 2024 को 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। 30 मार्च 2025 को बिलासपुर में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई। वहीं 1 नवंबर 2025 को रजत महोत्सव के अवसर पर 14,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं, नए विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन हुआ।
शिक्षा और उद्योग को मिली नई गति
नेताम ने बताया कि प्रदेश के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूलों का उन्नयन किया गया है। रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र भी समर्पित किया गया। नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क, स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से निवेश तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में 1.5 करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
उन्होंने बताया कि अकेले रायपुर में 25 लाख से अधिक दीये जलाए गए, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। नक्सलमुक्त बस्तर के सात जिलों में भी शहीदों की स्मृति में दीप जलाए गए। ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला, रंगोली, भाषण प्रतियोगिता तथा जल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
नेताम ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर लगातार आगे बढ़ती रहेगी।
पत्रकार वार्ता में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग मौजूद रहे।
