एडीएम ने धरमपुरा में किया मैदानी निरीक्षण
मुंगेली। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से गिरदावरी में दर्ज फसल एवं रकबे की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी सत्यापन और रैंडम सत्यापन का कार्य लगातार जारी है। अब किसानों के खेतों का डेटा सीधे सैटेलाइट और मोबाइल ऐप से ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। अभियान के तहत इस बार खरीफ सीजन की फसलों का सही रिकॉर्ड बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस डिजिटल सर्वे में लगे सर्वेयर खेतों में जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि डीएससी के तहत फसल क्षेत्र और उत्पादन का सटीक आकलन करना कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाना तथा किसानों तक लक्षण सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने विकासखंड मुंगेली के ग्राम धरमपुरा सहित अन्य ग्रामों में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सर्वे की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित, ई-गिरदावरी कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं गिरदावरी कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए जिले में विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी-कर्मचारी मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य की निगरानी के साथ-साथ दर्ज जानकारी की जांच एवं सत्यापन कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के साथ सर्वे की गुणवत्ता, शुद्धता और मैदानी सत्यापन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
