- गंदे पानी की निकासी, सीवर लाइन एवं साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : नंद कुमार साहू
- बोरियाखुर्द स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
रायपुर । रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने आज कौशल्या माता विहार योजना के सेक्टर-4 स्थित कमल हाईट्स रेसिडेंशियल परिसर का स्थल निरीक्षण कर रहवासियों की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदे नाली के पानी का भराव, सीवर लाइन के ओवरफ्लो होने तथा उद्यान की कमी सहित अन्य समस्याओं की जानकारी स्थानीय निवासियों से प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम रायपुर के कार्यपालन अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, छत्तीसगढ़ विद्धुत मंडल के सहायक अभियंता, क्षेत्रीय पार्षद विनय प्रताप ध्रुव सहित रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आरडीए अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने नगर पालिक निगम के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि कमल हाईट्स परिसर में गंदे नाली के पानी का प्रवेश तत्काल प्रभाव से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वीकृत स्वीकृति के अनुसार नाली निर्माण एवं गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान शीघ्र क्रियान्वित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति पुनः निर्मित न हो।
अध्यक्ष श्री साहू ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से साफ- सफाई कराई जाए तथा ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा रहवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में उपलब्ध रिक्त भूमि पर उद्यान विकास की संभावनाओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए, जिससे रहवासियों को बेहतर पर्यावरण एवं मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
कौशल्या माता विहार योजना के निरीक्षण उपरांत आरडीए अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बोरियाखुर्द स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 523 ईडब्ल्यूएस आवासों का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सुषमा साहू के प्रतिनिधि तिलक प्रसाद साहू भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री साहू ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराया जा सके। श्री साहू ने कहा कि रायपुर विकास प्राधिकरण प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं एवं आधारभूत अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। योजनाओं में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
