छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव पर घमासान, कांग्रेस घेरेगी साय सरकार


छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव पर घमासान, कांग्रेस घेरेगी साय  सरकार

रायपुर l मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के निशाने पर कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई; संख्या बल में मजबूत बीजेपी देगी जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में राजनीतिक माहौल बेहद गर्म रहने के आसार हैं। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। राज्य गठन के बाद यह 10वां मौका होगा जब किसी सरकार के खिलाफ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है।

हालांकि विधानसभा में संख्या बल सत्तारूढ़ बीजेपी के पक्ष में है। सदन में बीजेपी के 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है। ऐसे में सरकार के लिए बहुमत साबित करना मुश्किल नहीं माना जा रहा है, लेकिन अविश्वास प्रस्ताव के जरिए विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर कठघरे में खड़ा करने की रणनीति के साथ उतरेगा।

कांग्रेस नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विसंगतियों जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। वहीं सत्ता पक्ष अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को सामने रखकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगा।

प्रश्नकाल में उठेंगे अहम मुद्दे

अविश्वास प्रस्ताव के साथ-साथ प्रश्नकाल भी हंगामेदार रहने की संभावना है। बीजेपी विधायक भैय्यालाल राजवाड़े जल जीवन मिशन में पाइपलाइन बिछाने में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाएंगे। पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर रायपुर की पेयजल व्यवस्था और अमृत मिशन की प्रगति पर सरकार से जवाब मांगेंगे।

वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत औद्योगिक दुर्घटनाओं की जांच का मुद्दा उठाएंगे। कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार शराब दुकानों के संचालन को लेकर सवाल करेंगी। बिलासपुर में सरकारी आयोजनों पर हुए खर्च और प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों का मामला भी सदन में गूंजेगा।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, संख्या बल सरकार के पक्ष में होने के बावजूद अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली बहस राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण चर्चा साबित हो सकती है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *