मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी भरोसे की पहचान: तीन दिनों में दूर हुई पेयजल समस्या


06 माह से बंद हैंडपंप हुआ चालू, लीलापुर के ग्रामीणों को फिर मिली स्वच्छ पेयजल की सुविधा

मुंगेली। शासन की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली का सशक्त माध्यम बन चुकी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद मंच बनकर उभर रही है। लोरमी विकासखंड के ग्राम लीलापुर के निवासी दिनेश कुमार की पहल और प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से ग्राम लीलापुर के वार्ड क्रमांक-16 में लगभग छह माह से हैंडपंप खराब की मरम्मत कर पेयजल की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। हेण्डपम्प खराब होने के कारण गॉव में पेयजल संकट बना हुआ था। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए ग्राम के निवासी दिनेश कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। आवेदन प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की। विभाग की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर हैंडपंप का निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा किया।

शिकायत दर्ज होने के मात्र तीन दिनों के भीतर हैंडपंप को पुनः सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। इसके बाद वार्ड के सभी परिवारों को फिर से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो गया। दिनेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत का त्वरित निराकरण हुआ, जिससे पूरे वार्ड के लोगों को राहत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *