पीएम मोदी का किसानों को बड़ा तोहफा: 20 जून को देश मनाएगा ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’, धमतरी सहित देशभर में भव्य तैयारियां


धमतरी। धमतरी जिले के किसानों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की 23वीं किस्त कल यानी 20 जून को जारी की जाएगी। इस अवसर पर पूरे देश में पीएम-किसान उत्सव दिवस भी मनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। यह किस्त अप्रैल से जुलाई 2026 की अवधि के लिए पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाएगी।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार इस दिन पूरे देश में पीएम-किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत राज्य, जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और किसानों को लाइव वेबकास्ट के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
धमतरी जिले में भी जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिला मुख्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, विकासखंड मुख्यालय, ग्राम पंचायतों और कृषि मंडियों सहित विभिन्न स्थानों पर किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। साथ ही किसानों को केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *