एनएच-30 फोरलेन और कवर्धा बायपास को लेकर गडकरी से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा


रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक सड़क को 4-लेन में विकसित करने तथा कवर्धा बायपास निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि जबलपुर से मंडला और चिल्फी तक लगभग 160 किलोमीटर मार्ग को पहले ही 4-लेन में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन धवईपानी से सिमगा तक का करीब 122 किलोमीटर हिस्सा अभी दो लेन का है। इस मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे यातायात और सड़क सुरक्षा की समस्या उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर-रायपुर को जोड़ने वाला एनएच-30 अंतर्राज्यीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है और कबीरधाम जिला मुख्यालय कवर्धा इसी मार्ग पर स्थित है। फोरलेन निर्माण से यातायात सुगम होने के साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कवर्धा शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए 4-लेन पेव्ड शोल्डर सहित कवर्धा बायपास निर्माण की भी मांग रखी। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

रायपुर लौटने पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि धवईपानी से सिमगा सेक्शन को भी 4-लेन में विकसित करने के लिए केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक सहमति देते हुए जल्द स्वीकृति देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *