होली से पहले नशेड़ी वाहन चालकों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 130 पर केस


रायपुर। होली पर्व को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस द्वारा शहरभर में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। शाम से देर रात तक चलाए गए सघन जांच अभियान में 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिन पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल श्री विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला एवं श्री दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 42 चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए। सहायक पुलिस आयुक्त श्री सतीष ठाकुर, श्री सुरेंद्र साय पैकरा, श्री रमेश येरेवार, श्री गुरजीत सिंह एवं श्रीमती सीमा अहिरवार के नेतृत्व में ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई।

जांच के दौरान 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक तथा 15 टाटा एस, पिकअप एवं ई-रिक्शा चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए। सभी वाहनों को मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत जब्त कर यातायात मुख्यालय एवं संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है। इन प्रकरणों को होली के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक मामले में 10 हजार से 15 हजार रुपये तक अर्थदंड का प्रावधान है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार होली तक विशेष रूप से रात्रि के समय नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें तथा होली पर्व के दौरान सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *