कानपुर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 3 की मौत


कानपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा थाना अरौल क्षेत्र के अंतर्गत माइल स्टोन 216 के पास हुआ। बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और सुबह करीब 4 बजे अचानक नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों का इलाज जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया, जबकि गंभीर घायलों को कानपुर भेजा गया। हादसे के बाद पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी हैलट अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों के त्वरित और समुचित उपचार के निर्देश दिए। मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना भेजी जा रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में फिर सामान्य कर दिया गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *