जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय में कार्तिक पूर्णीमा की रात से बदली के छटने, वातावरण में नमी घटने और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का असर बस्तर में दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नवंबर की शुरुआत के साथ ही सुबह और रात में ठंडक महसूस की जा रही है, हालांकि दिन की धूप अभी भी हल्की तपन लिए हुए है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल न्यूनतम तापमान में बड़ा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
