मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) और मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का उद्घाटन किया। यह एक ऐसा अवसर था जिसे भारत की वित्तीय राजधानी में परिवहन क्रांति का निर्णायक मोड़ कहा जा सकता है। करीब 19,650 करोड़ की लागत से निर्मित एनएमआईए देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और सीआईडीसीओ ने मिलकर विकसित किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) को राष्ट्र को समर्पित किया, जिसका निर्माण लगभग 12,200 करोड़ की लागत से हुआ है। कुल मिलाकर 37,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ यह दिन मुंबई के शहरी ढांचे और भारत की आधारभूत संरचना की कहानी में एक ऐतिहासिक अध्याय बन गया है।
