00 1 नवंबर को प्रधानमंत्री करेंगे नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण, जगदलपुर के पत्रकारों को भी किया आंमंत्रित
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर लालबाग में आयोजित स्वदेशी मेला के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारों से औपचारिक चर्चा के दौरान उन्होने कहा कि शासन चलाने में पारदर्शिता होनी चाहिए, जो कि पूर्व के कांग्रेस शासन काल में नही देखी गई, जिसके चलते भ्रष्टाचार बढ़ा, नतीजतन कई नेता और अधिकारियों को जेल जाना पड़ा । उन्होंनें कहा कि बस्तर में जब भी शांति आयेगी यहां टूरिज्म बढ़ेगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होने कहा कि पूर्व में बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाके में एक किलोमीटर सड़क बनाने एक साल लग जाते थे, जगरगुंड़ा सड़क के मिट्टी को माथे पर लगाना चाहिए, इसके निर्माण के लिए अनेक जवानों ने शहादत दी है । उन्होने अपने मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान बस्तर में टाटा स्टील प्लांट के नही लगने पर इसे बस्तर के लिए बड़ा नुकसान बताया, उन्होने कहा कि टाटा ग्रुप सिर्फ स्टील प्लांट ही नही लगाता बल्कि क्षेत्र में अन्य सामाजिक काम भी करता, इससे बस्तर को बड़ा लाभ मिलता।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनकर काम करना और विधानसभा की भूमिका निभाना दोनों अलग बात है । विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर मेरा काम पक्ष-विपक्ष के साथ निष्पक्ष संतुलन बनाए रखना चुनौती पूर्ण कार्य है। विधानसभा में प्रयास रहता है कि नये सदस्यों को ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले। डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश का पहला विधानसभ हैं जिसमें अनुशासन का उल्लंघन करने पर सदस्य को दिनभर के लिए सदन से बाहर कर दिया जाता है। उन्होने बताया कि आगामी 1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के अवसर पर किया नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया जाएगा,यह भवन नवा रायपुर में स्थित है। इसके बाद नए विधानसभा भवन में सदन का संचालन शुरु हो जायेगा,जहां हर तरह की सुविधाएं मौजूद रहेंगी। उन्होने बताया कि 1 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी को नए भवन के लोकार्पण करेंगे, इनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहेंगे। उन्होने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है, इस ऐतिहासिक अवसर पर नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण न केवल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि यह क्षण छत्तीसगढ़ की प्रगति और सशक्त लोकतंत्र की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जगदलपुर के पत्रकारों को भी आंमंत्रित करते हुए कहा कि 1 नवंबर को हम सभी को नये विधानसभा भ्रमण की व्यवस्था करवायेगे। चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, महापौर संजय पांडे, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, रूपसिंह मंडावी रजनीश पानीग्राही सहित अन्य मौजूद थे ।
