रायपुर। मानसून अब विदाई की ओर है लेकिन जाने से पहले कुछ राहत देने के मूड में भी है इसीलिए कल रात के बाद आज सुबह से फिर झमाझम बरस रही है। खेतों के लिए यह बारिश वरदान साबित होगा क्योकि सबसे ज्यादा जरूरत किसानों को एक अच्छी बारिश की थी। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के असर से लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने की संभावना है। इस बारिश के चलते सुबह की पाली में स्कूल कालेज व कार्यालय जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों में भी असर दिखा। अचानक हुई इस बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदाबाजार, जशपुर, सूरजपुर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर जिले में बारिश होने की संभावना जताई है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों आज दिन भर घने काले बादल छाए रहने की संभावना बताई है।
