अंबिकापुर--लोगों को शिक्षा व संस्कार देने वाले ही अशिक्षित और असंस्कारी जैसी हरकत करने लगे तो इससे बड़ी मक्कारी और क्या हो सकती है? दरअसल मामला ये है कि होलीक्रॉस वूमेंस कॉलेज अंबिकापुर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भारत का गलत नक्शा अपलोड किए जाने का आरोप कॉलेज प्राचार्य पर लगा है। शहर के गोधनपुर निवासी कैलाश मिश्रा ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि भारत का विकृत और विवादित नक्शा प्रकाशित करना देश की संप्रभुता व अखंडता पर सीधा प्रहार है। शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने कालेज प्राचार्य शांता जोसेफ और फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर लिया है। आरोप है कि पांच जनवरी 2024 को कॉलेज के स्पोट्र्स डे के बैनर में ऐसा नक्शा प्रकाशित किया गया था, जिसमें अक्साई चीन और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत से अलग दिखाया गया।यह नक्शा करीब एक साल सात माह तक फेसबुक पेज पर प्रकाशित रहा और हाल ही में दोबारा उस पेज पर सामग्री अपलोड होने पर प्रकरण सामने आया। कैलाश मिश्रा का कहना है कि यह कोई साधारण भूल नहीं, बल्कि सुनियोजित और संगठित प्रयास है। इसे राष्ट्रविरोधी गतिविधि और गंभीर आपराधिक कृत्य बताते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राचार्य शांता जोसेफ और पेज संचालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 505 (1)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।
