मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की शिनाख्त 8 लाख की इनामी सोढ़ी विमला के रूप हुई


दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले के सीमा पर अबूझमाड़ के ओरछा थाना क्षेत्र के बोंडोस, नेंदुर, गवाडी व आस-पास के क्षेत्र में पूर्व बस्तर डिवीजन के सक्रिय कैडर के नक्सलियों की मौजूदगी के इनपुट पर ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की शिनाख्त 8 लाख रुपए की इनामी प्लाटून नंबर 16 की कमांडर पीपीसी सचिव सोढ़ी विमला के रूप में की गई है।
मुठभेड़ में मारी गई पीपीसी सचिव सोढ़ी विमला पहले भी कई मुठभेड़ों में शामिल रही है, लेकिन वह बच निकलने में हर बार कामयाब हो जाती थी। अबूझमाड़ के कौशलनार, मंगनार क्षेत्र में कई ग्रामीणों को मुखबिर बता उनकी हत्या करवाने में भी कई बाद विमला नाम सामने आ चुका है। मुठभेड़ के बाद सर्चिग में जवानों ने मृत नक्सली के शव के साथ 303 राइफल, 315 बोर राइफल व 2 बीजीएल लॉन्चर बरामद किए हैं। इसके अलावा अन्य हथियार व विस्फोटक भी मिले हैं। सर्चिग के दौरान करीब 19 किलो जिलेटिन स्टिक भी मिली है, जिसका उपयोग आईईडी बनाने में किया जाता है।

बस्तर आईजी सुदरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों ने नेंदुर-गवाडी के जंगल-पहाड़ में अपना अस्थायी ठिकाना बना रखा था। यहां जैसे ही जवान पहुंचे, नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नक्सली अपने को कमजोर पड़ता देखकर जंगल की आड़ लेकर मौके से भाग खड़े हुए। इसी बीच जवानों ने एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया। बाद में की गई सर्चिग में मौके पर खून के धब्बे मिले, जिसके आधार पर पुलिस अनुमान लगा रही है कि बड़ी संख्या में नक्सली घायल हुए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *