ईडी का छत्तीसगढ़ के कई कारोबारियों के ठिकानों पर छापा


रायपुर। बुधवार को सुबह-सुबह ईडी ने छत्तीसगढ़ के कई बड़े शहरों में एक साथ छापा मारा है। जिनमें रायपुर, भिलाई, बिलासपुर आदि शामिल हैं। हालांकि अभी तक यह सामने नहीं आया है कि इस छापेमारी की कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से कृषि से संबंधित कारोबारियों के ठिकानों पर केंद्रित है। हालांकि छापे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।  सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी ने रायपुर के शंकर नगर स्थित एक बड़े कारोबारी के घर पर दबिश दी है। ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि जिन व्यापारियों के घर छापा पड़ा है, वे एग्रीकल्चर संबंधित व्यापारी हैं। रायपुर के इस व्यापारी के घर बुधवार सुबह ईडी के 8 से 10 अधिकारी पहुंचे है। उनके साथ सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद हैं।जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने लॉ विष्टा सोसाइटी स्थित एग्रीकल्चर उपकरण कारोबारी  के बंगले पर दबिश दी है। इस दौरान ईडी के 8 से 10 अधिकारी बंगले के अंदर मौजूद हैं और तलाशी अभियान चला रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच से संबंधित बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि कृषि कारोबार के जरिए पैसों के लेन-देन में गड़बड़ी हुई है।  सूत्रों का कहना है कि ईडी की टीम सुरक्षा घेरे में दस्तावेज और डिजिटल डेटा की पड़ताल कर रही है। सुबह से चल रही इस छापेमारी में बड़ी संख्या में कागजात और अन्य साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है। राजधानी और अन्य शहरों में अचानक हुई इस कार्रवाई ने कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है। फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है और आधिकारिक रूप से किसी भी तरह की जानकारी साझा नहीं की गई है। इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *