00 गणेश विसर्जन के दौरान सड़क हादसे में 3 की मौत, डेम में डूबने से 4 की मौत
00 विसर्जन हादसे पर मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजन को 5-5 लाख व घायलों को 50-50 दिये जाने की घोषणा
रायपुर-जशपुर-बलरामपुर। मंगलवार को छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र जशपुर और बलरामपुर में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 7 लोगों की मौत हो गई है। इन दोनों हादसों में मृतकों में तीन युवा, महिला और बच्चे शामिल है। इन दोनों हादसों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति दुख व्यक्त किया है। इन दोनों हादसों में घायलो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है तथा गंभीर रुप से घायलों बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनो मामलो में जांच शुरु कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के बगीचा में हुए सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को 5-5 लाख व घायलों के लिये 50-50 हजार की सहायता दिये जाने की घोषणा की।
मंगलवार की देर रात में जिले के बगीचा थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम जुरूडांड़ राज्य हाईवे चरईडांड रोड पर गणेश विसर्जन के जुलूस में उस समय हाहाकार मच गया जब एक तेज रफ्तार बोलेरो भीड़ में जा घूसी जिसमें 3 लोगों की मौत हो तथा अनेक घायल हो गयेघायलों की संख्या लगभग 30 के आसपास बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 रायकेरा की ओर से आ रही थी और तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सीधे भीड़ में घुस गई। हादसे के वक्त करीब डेढ़ सौ से अधिक लोग विसर्जन जुलूस में शामिल थे जो विसर्जन के लिए नाचते गाते गणपति के साथ तालाब की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से लोग हवा में उछलकर यहां वहां गिर पड़े और कई लोग वाहन के नीचे दब गए। गुस्साई भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जनप्रतिनिधि शंकर गुप्ता, बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले, एसडीएम प्रदीप राठिया, तहसीलदार महेश्वर उईके सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से बगीचा अस्पताल लाया गया।कुछ घायलों को गणपति विसर्जन वाले वाहन में लाया गया वहीं स्थानीय ग्रामीण भी अपने वाहनों से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अंबिकापुर रिफर किया।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि मेडिकल ऑफिसर समेत 2 नायब तहसीलदार को अंबिकापुर भेजा गया है जो घायलों का इलाज पुरी गंभीरता से करा रहे हैं।सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा ने स्वास्थ्य अमले को अलर्ट किया तथा बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा अपनी टीम के साथ सतत घायलों के उपचार में लगे रहे।
मृतकों में अरविंद (19 वर्ष) पिता तोबियस केरकेट्टा,विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) पिता देवनारायण,खिरोवती यादव (32 वर्ष) पत्नी हरीश यादव शामिल है। घायलों में फकीर यादव,नीलू यादव, निरंजन राम पिता अर्जुन राम, संदीप यादव,नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और बोलेरो चालक सुखसागर सहित 22 से अधिक लोग शामिल हैं। जशपुर विधायक रायमुनि भगत भी देर रात बगीचा अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बलरामपुर जिले में मंगलवार को धनेशपुर गांव में स्थित लुटी बांध स्टाप डेम का एक हिस्सा टूट जाने से अचानक आई बाढ़ में चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हो गए। इस बाढ़ में एक महिला और उसकी सास समेत चार लोग उस समय बाढ़ की चपेट में आ गए जब वे अपने घरों में सोए हुए थे जिनमें चार लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग अब भी लापता बताए जा रहे है जिनकी तलाश एनएफडी की टीम के द्वारा की जा रही है। अचानक आई इस बाढ़ के बारे में सरकारी तौर पर की गई पुष्टि के अनुसार 1980 के दशक के प्रारंभ में निर्मित इस स्टाप डेम के दीवारों में दरार आने से पानी यहां से रिसकर आसपास के घरों और खेतों में घुस गया, जिसके परिणामस्वरूप अचानक बाढ़ आ गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
