बीजापुर। जिले में 30 नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय डेडलाइन पर कहा कि बस्तर में ऑपरेशन मानसून जारी है, और मानसून का दौर खत्म होते ही जारी नक्सल अभियान की गति में तेजी लाई जाएगी। नक्सलियों के आत्मसमर्पण एवं गिरफ्तारियां भी बढ़ेगी, ऑपरेशन की संख्या में इजाफा किया जाएगा। एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने कहा कि जो समय बचा है उससे पहले नक्सल विरोधी अभियान के लक्ष्य को हासिल करने का पूरा प्रयास होगा।
उन्होने यह दावा भी किया कि बीजापुर जिले में आने वाले कुछ महीनों में नक्सलियों के पास छिपने का कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। नक्सलियों के दबाव वाले इलाकों में लगातार ऑपरेशन चलेंगे, सिक्योरिटी वेक्यूम एरिया में ऑपरेशन जारी है। नेशनल पार्क में भी ऑपरेशन चलाया गया है। जिसमें जवानों को बड़ी कामयाबी भी मिली है। आगामी दिनों न सिर्फ नेशनल पार्क बल्कि अबूझमाड़, गंगालूर जो नक्सलियों के कोर इलाके हैं, वहां ऑपरेशन तेज होंगे, जिससे बस्तर में नक्सलियों के पास छिपने का कोई ठीकाना नहीं बचेगा।
एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने कहा कि बीजापुर में सबसे अधिक नक्सलियों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद यहां नक्सलियों के आत्मसमर्पण में भी इजाफा हुआ है, बुधवार को ही 30 नक्सलियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया है, इसके पहले भी बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण करने आ चुके है, सुरक्षाबलों के बढ़ते दबाव और सरकार की आत्मसमर्पण को लेकर नई नीति के बाद बड़ी संख्या में नक्सल संगठन से जुड़े हुए लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर रहे है।
