रायपुर — फरार हिश्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं की संपत्ति जल्द ही कुर्क की जा सकती है। कोर्ट ने रायपुर पुलिस द्वारा दिए गए कुर्की की याचिका को स्वीकार कर लिया है। रायपुर के कलेक्टर को 4 संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं फरार आरोपी भाइयों के कोर्ट के सामने पेश होने की अंतिम तिथि 18 अगस्त है। बता दें कि तोमर बंधु पिछले दो महीने से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में उद्घोषणा की प्रक्रिया शुरू की। उद्घोषणा की अंतिम तारीख कल तय की गई है। यदि आरोपी कल कोर्ट में पेश नहीं होते तो उनकी संपत्ति कुर्क कर दी जाएगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। वहीं, सूदखोरी के मामलों में उनकी पत्नियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि तोमर बंधु लंबे समय से सूदखोरी का कारोबार कर रहे थे और उनके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
