दौसा–राजस्थान के दौसा जिले में बापी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। हादसा खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं को ले जा रही एक यात्री पिकअप और ट्रेलर ट्रक की टक्कर से हुआ।सभी यूपी के एटा के रहने वाले बताये गए हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। दौसा पुलिस ने बताया कि हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। लगभग 7 से 8 गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि 3 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण यह भीषण टक्कर हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा चुकी है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
