श्री जैतूसाव मठ में भक्ति उत्सव का आयोजन
रायपुर। धर्म,आस्था,संस्कृति व परम्परा को सहेजते हुए आज भी शहर के प्राचीनत्तम व ऐतिहासिक श्री जैतूसाव मठ पुरानी बस्ती में हर तीज त्यौहार व धार्मिक आयोजन किये जाते हैं। लोगों को प्रतीक्षा भी रहती है कि ये आयोजन कब से शुरु होंगे। इसी कड़ी में बांके बिहारी श्री राधा कृष्ण जी सोने-चांदी से जडि़त छह फीट के सुज्जित झूले में कल 26 जुलाई को शाम चार बजे विराजित होंगे। मंदिर समिति की ओर से जानकारी देते हुए श्री अजय तिवारी ने बताया कि हम अपने पूर्वजों के द्वारा शुरु किए गए परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं और हर साल की तरह इस बार भी पूरे हर्षोल्लास के साथ भगवान राधा कृष्ण जी को पालना झूले में पूरे विधि विधान व पूजा अर्चना के साथ बिठाया जायेगा। सावन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया से लेकर पूर्णिमा रक्षाबंधन तक प्रभु विराजित रहेंगे। शाम को 4 से 8 बजे के बीच पालना को झूलाने के लिए दूर दराज से भी लोग मंदिर पहुंचते हैं। रोजाना शाम महिला मंडल के द्वारा भजनामृत की बयार बहेगी। भोग प्रसादी व आरती भी नित्य होंगे। भक्तिमय इस उत्सव में आप सभी शामिल होकर पुण्य के सहभागी बन सकते हैं।
