दुर्ग। शिवनाथ एक्सप्रेस के कोच एचए1 में ईतवारी से बिलासपुर की यात्रा पर निकली महिला के बैग से एप्पल आईफोन 14 प्लस, ढाई तोले की दो सोने की चूडिय़ां (कीमत करीब 2 लाख रुपये), 7,000 रुपये नकद, कोटक महिंद्रा और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो एटीएम कार्ड, कोटक महिंद्रा का क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, और आईटीएस कार्ड को चोरी करने वाले आरोपी भिलाई निवासी सोनू बैरागी को भिलाई रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जीआरपी एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जहाबिया हुसैन (28 वर्ष) के लिखित आवेदन के आधार पर भा।न।सं। की धारा 305(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी। पूरा मामला मामला जीआरपी थाना बिलासपुर से शून्य डायरी (क्रमांक 0016/44/2025) के साथ भिलाई स्थानांतरित हुआ था। जिसमें नागपुर, महाराष्ट्र के ईतवारी क्षेत्र की रहने वाली जहाबिया हुसैन (पिता: इकबाल हुसैन, पता: फ्लैट नं। 102, गीतामनी कॉम्प्लेक्स, बंगाली पंजा रोड, मस्कासाथ, ईतवारी, नागपुर) ने बताया कि 16 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ शिवनाथ एक्सप्रेस (ट्रेन नं। 18240) में ईतवारी से बिलासपुर की यात्रा कर रही थीं। उनका रिजर्वेशन कोच एचए1, केबिन ए, बर्थ नं. 1, 2, 3 में था। वे रात 11:30 बजे ट्रेन में सवार हुईं और अपना सामान टी-टेबल पर रखकर सो गईं। जब ट्रेन सुबह 4:40 बजे भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर रुकी, तब जहाबिया की नींद खुली। उन्होंने देखा कि उनका ब्राउन रंग का लेदर बैग और एप्पल आईफोन 14 प्लस (सीम नं। , आईएमईआई नं। 35248) गायब है। बैग में ढाई तोले की दो सोने की चूडिय़ां (कीमत करीब 2 लाख रुपये), 7,000 रुपये नकद, कोटक महिंद्रा और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो एटीएम कार्ड, कोटक महिंद्रा का क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, और आईटीएस कार्ड थे। आईफोन की कीमत करीब 60,000 रुपये बताई गई है।
जहाबिया ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति, जिसकी उम्र 30-35 वर्ष, रंग सांवला, कद लगभग साढ़े पांच फीट, और जिसने ऑरेंज रंग की टी-शर्ट पहनी थी, बैग और फोन लेकर भाग रहा था। उनके भाई अली अकबर हुसैन ने चोर का पीछा किया, लेकिन चोर ने केबिन का दरवाजा बंद कर तेजी से भाग निकला।
जहाबिया के आवेदन पर जीआरपी थाना बिलासपुर में शून्य डायरी दर्ज की गई थी, जिसे अब भिलाई जीआरपी थाना में असल अपराध के रूप में पंजीबद्ध किया गया था। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने दुर्ग, भिलाई, पॉवर हाउस, रायपुर रेलवे स्टेशन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद कल देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
