नई दिल्ली (एजेंसी) —सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उदयपुर के चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड पर बनी उदयपुर फाइल्स की रिलीजिंग पर सुनवाई की। कोर्ट ने फिलहाल फिल्म पर दखल देने से इनकार किया है और केंद्र सरकार के द्वारा गठित किए गए पैनल की रिपोर्ट आने तक फिल्म को रिलीज न करने का आदेश दिया है। इस मामले पर अब अगली सुनवाई 21 जुलाई निर्धारित है।
* टेलर कन्हैया लाल के जीवन पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म टेलर कन्हैया लाल के जीवन पर आधारित है, जिनकी 2022 में हत्या कर दी गई थी। कन्हैया लाल के मर्डर के आरोपी मोहम्मद जावेद ने भी फिल्म की रिलीजिंग पर आपत्ति जताई है। विवाद के बढऩे की वजह से ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म के लिए रिव्यू पैनल तैयार किया है। इस कमेटी को सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर जल्द से जल्द आदेश देने का आदेश दिया है।
* क्या है पूरा मामला ?
बता दें कि 12 जून 2022 को मोहम्मद रियाज और मोहम्मद गौस ने धारदार हथियार से कन्हैया लाल नाम के टेलर की बेरहमी से हत्या कर दी थी। दोनों आरोपियों ने वीडियो रिलीज करते हुए हत्या की वजह भी बताई थी। उनका कहना था कि पूर्व बीजेपी नेता नूपुर शर्मा ने पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ विवादित बयान दिया था, जिसे कन्हैया ने भी समर्थन दिया था। इसलिए दोनों ने कन्हैया को जान से मार दिया।
