रायपुर। छत्तीसगढ़ फुटवियर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शिव गंगवानी ने छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य माल और सेवा कर (जीएसटी) के लगातार होते छापों पर चिंता व्यक्त की एवं छोटे छोटे दुकानदारों से जबरदस्ती रकम जमा करवाने का दबाव बना रहे हैं।जिस पर व्यापारियों ने बड़ा रोष व्यक्त किया है एवं प्रदेश बंद का आवाहन चेंबर से किया है।
चेंबर अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने फुटवियर व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि चेंबर उनकी इन चिंताओं को उचित मंचों पर उठाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय के सामने आ रही इन समस्याओं का समाधान सरकार के साथ मिलकर निकालने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। थौरानी ने व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। थौरानी ने जल्द ही एक हेल्प डेक्स बनाने का व्यापारियों को आश्वासन दिया जिसके अंतर्गत जीएसटी एवं इनकम टैक्स से संबंधित परेशानियों का समाधान किया जाएगा।
बैठक में चेंबर सलाहकार सरल मोदी ने जीएसटी में चालान के प्रावधान नहीं होने की जानकारी दी एवं कहा कि गेराज माल भेजते समय टैक्स इनवॉइस साथ में देवें। चेंबर वाइस चेयरमेन एवं सी ए चेतन तारवानी न्यू फुटवियर व्यापारियों को बताया कि जीएसटी सर्वे के समय किन-किन बातों का ध्यान रखें उन्होंने व्यापारियों को उनके अधिकारों से भी अवगत कराया। सी ए रवि ग्वालानी जी ने जीएसटी की धारा 71 एवं धारा 67 के बारे में जानकारी दी। सी ए दयाल दास राजपाल जी ने भी सर्वे के दौरान व्यापारियों के अधिकारों की जानकारी दी। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों, रायपुर धमतरी, कांकेर, जगदलपुर, महासमुंद, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, महासमुंद, सरगुजा सहित अन्य जिलों से फुटवेयर व्यापारी शामिल हुए।
