जगदलपुर। बस्तर संभाग में रविवार से शुरू हुई बारिश बीते 24 घंटे से आज सोमवार को भी सुबह से ही रुक-रुककर जारी है। बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री, एवं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। बारिश के कारण अब उमस से छुटकारा मिलते हुए ठंडक का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने 30 जून से लेकर 2 जुलाई तक यानी तीन दिनों में मानसून की गतिविधि में बढ़ोतरी होने की संभावना भी है। प्रदेश भर के कई जगहों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने और भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। बस्तर में हो रही मानसूनी बारिश से किसानों के धान की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
मौसम वैज्ञानिक गायत्रीवाणी कांचीभोटला ने बताया कि दक्षिण उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, इसके साथ ही दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन गंगेटिक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटे में एक लो प्रेशर का क्षेत्र बनने की संभावना है। उन्होने बताया कि 30 जून से वर्षा की गतिविधियां बढ़ेगी और यह 2 जुलाई तक जारी रहेगी।
