रूद्रारम रीपा केन्द्र से गायब हुई मशीनें, सीईओ ने निरीक्षण के बाद जारी किया सचिव को नोटिस


बीजापुर। जिले के भोपालपटनम ब्लॉक अंर्तगत ग्राम पंचायत रूद्रारम में स्थित रीपा स्थल से कई महत्वपूर्ण मशीनों के गायब होने की सूचना पर बीजापुर जिला पंचायत सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार द्वारा किये गये औचक निरीक्षण में यह खुलासा हुआ कि रीपा केन्द्र में पापड़ निर्माण मशीन, दोना-पत्तल निर्माण मशीन, कुकीज़-ब्रेड निर्माण मशीन, लाख प्रोसेसिंग यूनिट, इमली चपाती निर्माण मशीन एवं रस्सी बनाने की मशीन मौके से गायब कर दी गई थी। विदित हो कि उक्त लाखों की कीमती मशीनें स्थानीय ग्रामीणों को स्व-रोजगार से जोडऩे हेतु उपलब्ध कराई गई थीं।
जिला पंचायत सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार ने बताया कि रूद्रारम ग्राम पंचायत के सचिव विजय कुमार कोरम से तीन दिनों के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा है। पत्र में पूछा गया है, कि यदि मशीनें कहीं और रखी गई हैं, तो किसकी अनुमति से और कहां रखी गई है। यदि मशीनें चोरी हुई हैं तो क्या इस संबंध में पुलिस में एफआईआर. दर्ज करवाई गई है और क्या उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है? नोटिस में स्पष्ट किया गया है, कि यदि समय पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो सचिव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के तहत निलंबन व विभागीय जांच की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *