स्वास्थ्य सचिव के आदेश पर मंत्री ने लगायी रोक : अस्पतालों में मीडिया बैन का आदेश हुआ निरस्त, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा – “मीडिया का सम्मान सर्वोपरि


रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में मीडिया की एंट्री पर लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेश पर अब तत्काल रोक लगा दी गई है। यह निर्णय स्वयं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया के बिना लोकतंत्र अधूरा है, और कोई भी निर्णय मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की ओर से एक आदेश जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि राज्य के किसी भी मेडिकल कॉलेज या अस्पताल में मीडिया कवरेज से पूर्व जनसंपर्क विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही रोगियों की तस्वीरें या वीडियो भी बिना लिखित सहमति के नहीं ली जा सकेंगी।

इस आदेश के बाद राज्य भर के मीडियाकर्मियों में नाराज़गी देखने को मिली। इसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हाल ही में हुए बाउंसर विवाद से जोड़कर भी देखा गया। आरोप लगाए गए कि इस आदेश के ज़रिए अस्पतालों में हो रही अव्यवस्थाओं को छिपाने की कोशिश की जा रही है।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी मीडिया संगठनों से चर्चा कर एक पारदर्शी और सभी पक्षों के हित में नीति बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संवाद ज़रूरी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *