0 यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी, सेना के जिम्मे रहेगी पूरी सुरक्षा व्यवस्था
जम्मू (एजेंसी) । इस बार अमरनाथ यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अमरनाथ यात्रा मार्ग को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक, सरकार ने 1 जुलाई से 10 अगस्त तक के लिए यात्रा मार्ग को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। इस बार अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। जम्मू-कश्मीर सरकार ने यह फैसला लिया है। साथ ही यात्रा के दौरान ड्रोन और गुब्बारों पर भी प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय की सलाह के बाद लिया गया है। जम्मू-कश्मीर के गृह विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि अमरनाथ यात्रा 2025 के दौरान मजबूत सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यात्रा के सभी मार्गों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया जाता है। बता दें, पहलगाम और बालटाल होते हुए यात्री अमरनाथ तक पहुंचते हैं। यात्रा की सुरक्षा को घाटी की सबसे बड़ी सुरक्षा कवायदों में से एक माना जाता है। हर साल देश भर से लाखों तीर्थयात्री हिमालय की गुफा मंदिर की यात्रा करते हैं।
