भाजपा की बैठक में संगठनात्मक,योजना व उपलब्धियों की समीक्षा व भावी कार्यक्रमों पर हुआ मंथन


00 राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने किया मार्गदर्शन
00 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मंत्रीगण भी बैठकों में हुए शामिल


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक गतिविधियों कार्यक्रमों, योजनाओं व उपलब्धियों की समीक्षा की दृष्टि से बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर मार्गदर्शन किया।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मंत्रीगण भी बैठकों में शामिल रहे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में सबसे पहले पुण्यश्लोका लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर जयंती और संकल्प से सिद्धि 11 साल बेमिसाल अभियान समिति के साथ बैठक हुई और इन अभियानों के क्रियान्वयन और अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि संकल्प से सिद्धि 11 साल बेमिसाल अभियान प्रदेश में विगत 9 जून से चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रदर्शनी, प्रोफेशनल मीट, घर-घर सम्पर्क, गोष्ठियाँ आदि निर्धारित चरणबद्ध कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनके 11 वर्षों के कार्यकाल में अर्जित उपलब्धियों और सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के कार्यक्रमों व योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। आत्मनिर्भर, सशक्त व सुरक्षित भारत की दिशा में मोदी-सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों से भी जन-जन को अवगत कराया जा रहा है।


बैठक में 21 जून को होने वाले योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी के निमित्त निर्धारित कार्यक्रमों की रूपरेखा व तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि योग दिवस का बड़े पैमाने पर आयोजन पार्टी स्तर पर किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश के सभी तीर्थ, पर्यटन व ऐतिहासिक स्थलों पर योग दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके लिए दो-तीन दिनों तक योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार आपातकाल की बरसी पर भी प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों की रचना की गई है। आपातकाल की बरसी पर कांग्रेस सरकार के लोकतंत्र और संविधान विरोधी आचरण के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा, प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएंगीं और आपातकाल के काले अध्याय से अनजान नई पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा कि किस तरह कांग्रेस ने सत्तालोलुपता के चलते देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर दी थी और पूरे देश को जेल बनाकर लाखों निर्दोष लोगों को मीसा के तहत बंदी बनाकर अमानवीय यंत्रणाएँ दी थी।

भाजपा विधायक दल की बैठक
संगठनात्मक बैठक के बाद प्रदेश कार्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक भी हुई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री व विधायकगण उपस्थित थे। बैठक में प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अर्जित उपलब्धियों, कार्यक्रमों व योजनाओं की चर्चा की गई और महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर मार्गदर्शन किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *