ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की सफलता के बाद बुधवार को राजधानी रायपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा में करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय भी अपनी कैबिनेट के साथ तिरंगा यात्रा में पैदल चले और सेना का हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा की जब भी बात आएगी हम सभी एक हैं। देश के, अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपनी सेना के साथ हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों के लोग, सेवानिवृत्त सैनिक, समाज सेवी संगठन, आम नागरिक, महिला एवं पुरुष, बच्चों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर एकजुटता, देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में 9 आतंकवादी ठिकानों को पूरी तरह धराशायी कर दिया। हम सभी अपनी सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हैं। आज का भारत नया भारत है, जो किसी भी दुस्साहस का मुंह तोड़ जवाब देने में सक्षम है। हमें सिर झुकाने की जरूरत नहीं होगी, हमारा डंका पूरी दुनिया में बजेगा।