भारत ने बनाई दुनिया की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, सिर्फ 1 से 2 रुपए होगी एक खुराक की कीमत


नई दिल्ली । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस वैक्सीन को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने विकसित किया है। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर भोपाल में 300 करोड़ रुपए की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपए होगी, जिससे छोटे पोल्ट्री किसानों को भी अपने मुर्गियों के झुंड को संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के H5N1 वेरिएंट के लिए दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन बताई गई है।
विदेश में भारत को बदनाम करने वालों पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने विदेशों में जाकर भारत की संवैधानिक संस्थाओं, वैज्ञानिकों और उनकी क्षमताओं पर सवाल उठाने वाले लोगों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दुनिया में जाकर अपने ही देश को बदनाम करते हैं, उन्हें आज का आत्मनिर्भर और विकसित भारत देखना चाहिए। देश की संवैधानिक संस्थाओं, सेना, वैज्ञानिकों और आम लोगों के परिश्रम पर सवाल उठाना देश के सामर्थ्य को कमतर आंकने जैसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय वैज्ञानिकों ने कोविड महामारी के दौरान महज नौ महीने में दो स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर दुनिया को अपनी क्षमता दिखाई थी। अब बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर वैज्ञानिकों ने एक बार फिर भारत की तकनीकी और अनुसंधान क्षमता का परिचय दिया है।
भोपाल में 300 करोड़ रुपए से बनेगी अत्याधुनिक प्रयोगशाला
भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (निषाद) की उपलब्धियों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने 300 करोड़ रुपए की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भोपाल का यह संस्थान देश के लिए गौरव का केंद्र बन गया है। चौहान ने बताया कि पहले वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने निर्णय लिया कि जिन वैज्ञानिकों ने भोपाल में दिन-रात मेहनत करके इसे विकसित किया है, उनके बीच ही इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
पशु किसानों के चलते-फिरते एटीएम, बीमारियों से होता है 56 हजार करोड़ रुपए का नुकसान
पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए चौहान ने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं। वे खेती के साथ नियमित आमदनी का माध्यम बनते हैं। उन्होंने बताया कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पशुपालन का योगदान 14% और पोल्ट्री क्षेत्र का योगदान 1% है। उन्होंने विभिन्न पशु रोगों से होने वाले आर्थिक नुकसान का जिक्र करते हुए बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से सालाना औसतन 22,000 करोड़ रुपए, लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रुपए, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपए और भेड़-बकरियों में फैलने वाले पीपीआर रोग से 4,683 करोड़ रुपए का नुकसान होता है। इन बीमारियों से कुल मिलाकर करीब 56,000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी टीकों के विकास से पशुपालकों को इस नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।
1 से 2 रुपए में मिलेगी वैक्सीन, 2006 से अब तक 500 से अधिक प्रकोप
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था। उस दौरान करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी और संक्रमण को रोकने के लिए बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारकर दफनाना पड़ा था। इसके बाद वर्ष 2021 में करीब 9 लाख और इस वर्ष भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। इससे पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस संक्रमण के स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों तक फैलने का खतरा भी बना रहता है। नई स्वदेशी वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1 से 2 रुपए रखी गई है, ताकि छोटे पोल्ट्री किसान भी इसे आसानी से खरीद सकें और अपने व्यवसाय को सुरक्षित रख सकें।
टीकाकरण अभियान से पशु रोगों पर नियंत्रण की दिशा में प्रगति
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके तहत खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान से ब्रुसेलोसिस पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में लंपी त्वचा रोग के प्रकोप के दौरान 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। उस समय हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने ‘लंपी प्रोवैकइंड’ वैक्सीन विकसित की थी। चौहान ने कहा कि भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने इससे पहले भी गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके विकसित कर महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
छुट्टियां छोड़कर वैज्ञानिकों ने की महीनों तक रिसर्च
वैक्सीन विकसित करने वाले वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना करते हुए चौहान ने उन्हें इस उपलब्धि का असली नायक बताया। उन्होंने वैज्ञानिकों डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना कई महीनों तक लगातार शोध किया। प्रयोगशाला में लागू कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। उन्हें प्रतिदिन करीब 120 लीटर पानी से स्नान करना होता था। शोध के दौरान वे अपने घरों में पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे। चौहान ने वैज्ञानिकों के समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान देश के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और वैज्ञानिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव के विधायक आशीष शर्मा और भोपाल की महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनके अलावा राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे और छाया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट और राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल सहित बड़ी संख्या में वैज्ञानिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *